फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
श्री महावीर जैन माडल सी.सै. स्कूल में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

फगवाड़ा। श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, होशियारपुर रोड, फगवाड़ा के प्रांगण में योगीराज भगवान श्री कृष्ण के अवतरण दिवस श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राइमरी विंग की समन्वयक मैडम पूनम भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल-सुलभ नटखट अदाओं और विभिन्न लीलाओं से संबंधित मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों और अध्यापक वर्ग का मन मोह लिया।

विद्यार्थियों ने कविता और भाषण के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण के जीवन, व्यक्तित्व और उनके संदेश को प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने कर्मयोगी भगवान श्री कृष्ण के जीवन से मिलने वाली प्रेरणा को सामने रखा।

जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के लिए भगवान श्री कृष्ण के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी करवाई गई। इस दौरान बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।

विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल स. जगपाल सिंह ने अपने संबोधन में बच्चों को बताया कि भगवान श्री कृष्ण हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण फल की चिंता किए बिना कर्म करने का संदेश देते हुए सभी के लिए प्रकाश पुंज की तरह हैं। उनके संदेश को अपने जीवन में उतारकर हम आध्यात्मिकता की ओर अग्रसर हो सकते हैं।

स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश जैन, सचिव ललित जैन और कोषाध्यक्ष अजीत जैन ने समूह स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। प्रधान सतीश जैन ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण केवल एक नाम नहीं, बल्कि कर्मयोग, प्रेम और करुणा की साक्षात प्रतिमा हैं। उनके द्वारा दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का अमर उपदेश आज भी मानव जीवन का मार्गदर्शन करता है।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *