स्वर्ण व रजत पदक सहित जीते 7 मेडल
होशियारपुर में आयोजित ओपन पंजाब कराटे चैंपियनशिप में फगवाड़ा के आर्यन फाइटर्स एरीना क्लब के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 गोल्ड और 1 सिल्वर सहित 7 मेडल जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया है।
अधिक जानकारी देते हुए कोच अतुल आर्यन ने बताया कि यह चैंपियनशिप आज रविवार को ही सूद भवन, होशियारपुर में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान 12 वर्ष आयु वर्ग में आदिल ने गोल्ड मेडल जबकि आर्यन ने ब्रान्ज, 10 वर्षीय रवनीत कौर ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया, जबकि 10 वर्ष आयु वर्ग में सीरत कौर और बवनीत सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल, 8 वर्ष आयु वर्ग के एकमजोत सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल तथा 6 वर्ष आयु वर्ग में हिमाक्ष ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल करके अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कोच अतुल आर्यन ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से इन नन्हे खिलाडिय़ों ने कराटे के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लब और फगवाड़ा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में और मेहनत करके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाएंगे। इस दौरान फगवाड़ा के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने समूह खिलाडिय़ों तथा कोच अतुल आर्यन को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य हेतु कामना की।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
