वेंटिलेटर एम्बुलेंस का करेंगे लोकार्पण
फगवाड़ा (डी-न्यूज़ वाच) समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय नव्या हेल्पिंग हैंड्स (सांपला फाउंडेशन) द्वारा चेयरमैन विजय सांपला (पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व चेयरमैन एस.सी. आयोग) के प्रयासों से 26 जुलाई, रविवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वेंटिलेटर एम्बुलेंस जनता को समर्पित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी देते हुए नव्या हेल्पिंग हैंड्स के प्रधान आशु सांपला ने बताया कि लोकार्पण की रस्म हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा निभाई जाएगी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला संयुक्त रूप से मेगा रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि यह मेगा रक्तदान शिविर महाराजा पैलेस, बंगा रोड, फगवाड़ा में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा के लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में जहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वेंटिलेटर एम्बुलेंस अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी, वहीं मेगा रक्तदान शिविर के दौरान एकत्रित होने वाला रक्त गंभीर रोगों से पीडि़त मरीजों को नया जीवन प्रदान करने में सहायक बनेगा। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। आशु सांपला ने क्षेत्र भर के समाजसेवियों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने तथा रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने की पुरजोर अपील भी की।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.