फगवाड़ा, (डी-न्यूज़ वाच)। नगर निगम कर्मचारी मजदूर यूनियन द्वारा अपनी लंबित मांगों तथा बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में दिए गए फगवाड़ा बंद का आज शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। बंद के आह्वान पर शहर के सभी प्रमुख बाजार सुबह से ही पूरी तरह बंद हैं , जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बंद के दौरान सुबह नगर निगम कर्मचारी मजदूर यूनियन के नेतृत्व में निगम कार्यालय से शहर के विभिन्न मार्गों पर एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारी हाथों में झंडे और बैनर लेकर शामिल हुए तथा शहरवासियों से बंद को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
यूनियन नेताओं ने कहा कि बरनाला में कर्मचारियों पर किया गया लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है, जिसकी कड़ी निंदा की जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक फगवाड़ा बंद के कारण शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे सामान्य जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। कई स्थानों पर बाजारों में आवाजाही भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही। वहीं
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और सरकार पर दबाव बनाने के लिए भविष्य में भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.