* संसद में नीट पेपर लीक मामले पर तत्काल चर्चा करवाये मोदी सरकार
महिला कांग्रेस जिला कपूरथला की प्रधान संगीता धीर ने दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपने भविष्य को सुरक्षित करने की मांग कर रहे विद्यार्थियों की आवाज को लाठी और बल प्रयोग से दबाना लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। संगीता धीर ने कहा कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का भविष्य नीट पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं से प्रभावित हुआ है। ऐसे में युवाओं की चिंताओं को दूर करने की बजाय उनके शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस की बर्बरता अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। संसद तक मार्च कर रहे युवाओं को रोकना और उनके साथ बल प्रयोग करना केंद्र सरकार की असंवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। महिला कांग्रेस जिला प्रधान ने कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है, इसलिए केंद्र सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा से भागने की बजाय संसद में विस्तृत बहस कर देश के युवाओं और अभिभावकों के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि युवाओं का भविष्य सबसे बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा है। महिला कांग्रेस नेत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के न्याय की लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों को कठोर सजा दी जाए तथा भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि देश के युवाओं का विश्वास फिर से कायम हो सके। इसके साथ ही उन्होंने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से की है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.