कहा- हमले की साजिश को बेनकाब कर दोषी को मिले कड़ी सजा
फगवाड़ा। शिरोमणि अकाली दल पंजाब के उपाध्यक्ष सरदार अवतार सिंह भुंगरनी ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष स. सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ साहिब में हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध करार देते हुए हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा हमले के पीछे की साजिश को बेनकाब करने की मांग की है।
सरदार भुंगरनी ने कहा कि धार्मिक स्थल पर किसी भी प्रकार की हिंसक घटना का होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पंजाब और देश में प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी मतभेद या विरोध का समाधान हिंसा के माध्यम से नहीं किया जा सकता। इस तरह की हिंसा गुरबाणी की शिक्षाओं के भी खिलाफ है। ऐसी घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं।
उन्होंने कहा कि स. सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की गहनता से जांच होनी चाहिए और घटना के पीछे किसी भी प्रकार की साजिश या अन्य पहलू सामने आने की स्थिति में उसे भी बेनकाब किया जाना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाए।
सरदार भुंगरनी ने कहा कि अमन-शांति और भाईचारे की भावना को कायम रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी वर्गों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की हिंसा को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों से दूर रहें।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
