– मामले की गहराई से जांच जारी, जल्द उठ जायेगा रहस्य से पर्दा : एस.पी. माधवी शर्मा
फगवाड़ा, 10 अगस्त ( राममूर्ति लाली ) फगवाड़ा के निकटवर्ती गांव मौली में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने का समाचार है।
मृतक की पहचान करीब 60 वर्षीय गुरचरण सिंह पुत्र प्यारा सिंह के रूप में हुई है। मृतक की गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के कारण मामला संदिग्ध बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही एस.पी. माधवी शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरचरण सिंह रोजाना की तरह रात को पशुओं की रखवाली के लिए हवेली में सोने गया था। सुबह जब उसकी पत्नी हवेली पहुंची तो गेट अंदर से बंद था। इसके बाद सरपंच अमनदीप कुमार तथा आसपास के लोगों की मदद से अंदर जाकर देखा गया तो गुरचरण सिंह मृत अवस्था में मिला।
सरपंच अमनदीप कुमार और किसान नेता गुरपाल सिंह पाला मौली ने बताया कि गुरचरण सिंह की गर्दन पर तेजधार हथियार से वार किए जाने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे।
मौके का निरीक्षण करने के बाद एस.पी. माधवी शर्मा ने गुरचरण सिंह की गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान होने तथा हत्या की घटना की पुष्टि की। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
एस.पी. माधवी शर्मा के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विभिन्न टीमें गठित कर हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।बहरहाल इस अंधे कत्ल की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
