झारखंड में पेपर लीक के विरोध में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सियासत तेज, संसद के बाहर भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
नई दिल्ली/रांची। झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को रांची में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था।
इस मुद्दे को लेकर विपक्ष जहां झारखंड सरकार को घेर रहा है, वहीं भाजपा ने दिल्ली में संसद के बाहर कांग्रेस और खास तौर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधीजवाब दो का नारा लगाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और सवाल किया कि राहुल गांधी लगातार सरकार से जवाब मांगते रहे हैं, अब रांची मेंउनके गठबंधन वाली सरकार में हुई पुलिस कार्रवाई पर चुप क्यों हैं।
‘राहुल गांधी, जवाब दो’
संबित पात्रा ने राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हर मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हैं, लेकिन जब वही सवाल उनके गठबंधन वाली सरकार से जुड़ता है तो उनका रवैया बदल जाता है।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी लगातार ऐसे मुद्दे उठाकर संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं और मानसून सत्र को सुचारू रूप से चलने नहीं देना चाहते। पार्टी का कहना है कि विपक्ष को संसद में बहस और जवाबदेही की मांग करनी चाहिए, लेकिन बार-बार हंगामा और व्यवधान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करता है।
‘हर बार गोल बदल रहे हैं राहुल’
संबित पात्रा के साथ कंगना रनौत भी हाथ में बैनर लिए मुखर नज़र आईं। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह लगातार मुद्दे बदल रहे हैं और अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, रांची में JPSC और JSSC से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन कई दिनों से चल रहा था। सोमवार को प्रदर्शनकारियों के विधानसभा की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।
रांची से दिल्ली तक गरमाई राजनीति
रांची की घटना के बाद भाजपा ने झारखंड में 11 अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार को घेरने की रणनीति अपनाई है।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने संसद के मानसून सत्र के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। कांग्रेस सहित समूचे विपक्ष द्वारा भी आज मंगलवार को प्रियंका गाँधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए भाजपा पर विपक्ष के सवालों से भागने का आरोप लगाया।
अब सवाल यह है कि जिस पुलिस कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी केंद्र सरकार से जवाब मांग रहे थे, क्या रांची की घटना पर वे अपनी ही सहयोगी सरकार से जवाब मांगेंगे? यही सवाल भाजपा ने संसद के बाहर उठाकर कांग्रेस पर दबाव बढ़ाने की कोशिश की है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.