ई.पी.एफ. की सारी रकम जमा करने की बात झूठी : सुरेन्द्र शर्मा
रेजोल्यूशन प्रोफेशनल को राजनीति न करने की दी चेतावनी
फगवाड़ा/होशियारपुर। जेसीटी मिल फगवाड़ा और होशियारपुर का एक प्रतिनिधिमण्डल इंटक यूनियन पंजाब के प्रधान सुरिन्द्र शर्मा के नेतृत्व में ई.पी.एफ. विभाग जालंधर के कमिशनर पंकज कुमार से मिला। इस दौरान जेसीटी इंटक यूनियन फगवाड़ा शाखा के प्रधान धर्मेन्द्र, राजेन्द्र वर्मा, सुनील कुमार, चंदन कुमार और रूप लाल भी उनके साथ थे।
पंजाब प्रधान सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि जेसीटी मिल मजदूरों के बकाये को लेकर कमिश्रर पंकज कुमार से काफी विस्तृत बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारी के अनुसार जेसीटी ट्रस्ट की तरफ से मात्र 2023 तक का ई.पी.एफ. ही जमा किया गया है। लेकिन विलंब का कोई ब्याज जमा नहीं किया है। जबकि मजदूरों में यह भ्रम फैला कर क्वार्टर खाली करने के लिये कहा रहा है कि उनका पूरा पैसा जमा कर दिया गया है और अब संबंधित विभाग की तरफ से आगे की प्रक्रिया के द्वारा मजदूरों को फुल एंड फाईनल भुगतान किया जाना है।
पंजाब प्रधान सुरेन्द्र शर्मा ने रेजोल्यूशन प्रोफेशनल उमेश गर्ग (आरपी) पर राजनीति करने का आरोप लगाया और सवाल किया कि पूरा पैसा जमा किये बिना कालोनी खाली करने का नोटिस चिपकाने का अधिकार उन्हें आखिर किस ने दिया।
उन्होंने कहा कि यह मामला फगवाड़ा के विधायक बलविन्द्र सिंह धालीवाल की तरफ से पिछले दिनों पंजाब विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया गया है और इंटक यूनियन भी मजदूरों के संघर्ष में डट कर खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मजदूरों का फुल एंड फाईनल ब्याज समेत अदा होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कांग्रेस के सभी सात सांसदों और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरेन्द्र सिंह राजा वडिंग के समक्ष मामला रखने और देश की संसद में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही। पंजाब इंटक प्रधान सुरेन्द्र शर्मा ने आर.पी. को चेतावनी दी कि जबरन मजदूरों और कर्मचारियों को जेसीटी कालोनी से निकालने का कोई प्रयास हुआ तो परिणाम अच्छा नहीं होगा।
इस दौरान जेसीटी फगवाड़ा युनिट के इंटक प्रधान धर्मेन्द्र ने भी दोहराया कि जब बकाया वेतन, भत्ते, पी.एफ. तथा अन्य देय राशि का पूरा निपटारा नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और मजदूरों को बेरोजगार करके मिल से निकालने की किसी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
