शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सरदार सुखबीर सिंह बादल द्वारा विधानसभा हलका फगवाड़ा से संबंधित सीनियर अकाली नेता सरदार अवतार सिंह भुंगरनी को पार्टी के प्रति लंबे समय से दी जा रही निस्वार्थ सेवाओं को ध्यान में रखते हुए शिरोमणि अकाली दल का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह जानकारी पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री पंजाब डॉ. दलजीत सिंह चीमा द्वारा पार्टी के चंडीगढ़ स्थित मुख्य कार्यालय से जारी की गई सूची के माध्यम से दी गई।
यहां उल्लेखनीय है कि सरदार भुंगरनी टकसाली अकाली परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता सरदार भगत सिंह भुंगरनी पार्टी के वयोवृद्ध नेता हैं और इस समय शिरोमणि अकाली दल जिला कपूरथला के सरपरस्त के तौर पर सेवाएं निभा रहे हैं।
सरदार अवतार सिंह भुंगरनी इससे पहले यूथ अकाली दल में महासचिव पंजाब, राष्ट्रीय सीनियर उपाध्यक्ष, सदस्य कोर कमेटी पंजाब और शिरोमणि अकाली दल में ज्वाइंट सचिव पंजाब आदि के अहम पदों पर अपनी बेहतरीन सेवाएं निभा चुके हैं।
इस अहम जिम्मेदारी पर खुशी व्यक्त करते हुए सरदार अवतार सिंह भुंगरनी ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सरदार सुखबीर सिंह बादल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया, सरदार हरजिंदर सिंह धामी प्रधान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, पूर्व शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा सहित समूची हाईकमान का हार्दिक आभार प्रकट किया।
सरदार भुंगरनी को प्रदेश उपाध्यक्ष घोषित किए जाने का स्वागत करते हुए जिला कपूरथला के प्रधान सरदार जरनैल सिंह वाहद, फगवाड़ा हलका (शहरी) इंचार्ज सरदार रणजीत सिंह खुराना (प्रदेश कोर कमेटी सदस्य इंडस्ट्री एवं व्यापार विंग), फगवाड़ा देहाती हलका इंचार्ज सरदार राजिंदर सिंह चंदी पूर्व सरपंच और ठेकेदार बलजिंदर सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष एस.सी. विंग ने कहा कि सरदार अवतार सिंह भुंगरनी पार्टी के बेहद समर्पित और सक्रिय नेता हैं। उनकी इस अहम नियुक्ति से शिरोमणि अकाली दल को और मजबूती मिलेगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
