10 दिनों में ठोस प्रबंध न हुए तो एस.डी.एम. कार्यालय के सामने लगेगा धरना : प्रिंसीपल केवल सिंह/हैप्पी कौल
जय भीम यूनाइटेड वाइस ऑफ पंजाब द्वारा फगवाड़ा शहर और आसपास के इलाकों में आवारा पशुओं तथा आवारा कुत्तों की बढ़ रही समस्या के उचित समाधान की मांग को लेकर डिप्टी कमिश्नर कपूरथला के नाम एक ज्ञापन पत्र एस.डी.एम. कार्यालय में परमजीत घेड़ा को सौंपा गया।
इस दौरान जय भीम यूनाइटेड वाइस ऑफ पंजाब के संरक्षक प्रिंसीपल केवल सिंह और स्टेट कोऑर्डिनेटर इंजीनियर हैप्पी कौल ने बताया कि फगवाड़ा शहर और आसपास के इलाकों में आवारा पशुओं की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। सडक़ों, बाजारों और मुख्य रास्तों पर बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते रहते हैं, जिसके कारण आम लोगों, वाहन चालकों और खासकर दोपहिया वाहन चालकों की जान-माल को हमेशा खतरा बना रहता है।
आवारा पशुओं के कारण कई बार सडक़ हादसे भी हो चुके हैं। संगठन पदाधिकारियों ने मांग कर कहा कि फगवाड़ा शहर और आसपास के इलाकों में आवारा पशुओं और आवारा कुत्तों की गिनती करके उनकी पहचान की जाए। आवारा पशुओं को सुरक्षित ढंग से पकडक़र सरकारी तौर पर मंजूरशुदा गौशालाओं या कैटल पाउंड में भेजा जाए और आवारा कुत्तों को भी माननीय हाईकोर्ट के आदेशों तथा लागू नियमों के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर रखने का प्रबंध किया जाए।
उन्होंने कहा कि सडक़ों और मुख्य चौकों पर आवारा पशुओं की समस्या को रोकने के लिए विशेष मुहिम चलाई जाए। सडक़ों पर पशु छोडऩे वाले पशु मालिकों की पहचान कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। हादसों वाली जगहों, मुख्य सडक़ों और हाईवे पर तुरंत विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा घायल या बीमार आवारा पशुओं के लिए वेटरनरी उपचार और रेस्क्यू की उचित व्यवस्था की मांग भी की गई है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों, नगर निगम/नगर कौंसिल और प्रशासन की संयुक्त निगरानी कमेटी बनाई जाए तथा आवारा पशुओं की समस्या संबंधी प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए।
प्रिंसीपल केवल सिंह और इंजीनियर हैप्पी कौल ने कहा कि आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए इस गंभीर समस्या का समाधान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा अगले 10 दिनों के अंदर फगवाड़ा शहर और आसपास घूम रहे आवारा पशुओं तथा कुत्तों के उचित प्रबंध के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो एस.डी.एम. कार्यालय के बाहर धरना लगाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मनोहर सिंह जक्खू, सीनियर नेता जसवीर सिंह कोका, जस्सी कोटरानी, मनोज सोंधी, मनोहर लाल पूर्व सरपंच के अलावा जय भीम यूनाइटेड वाइस ऑफ पंजाब के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
