बसपा के वाइस प्रधान ने जन-सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
बसपा फगवाड़ा के वाइस प्रधान सुखविन्द्र सिंह शेरगिल ने फगवाड़ा के निकटवर्ती गांव मौली में रविवार की रात मोटर पर सो रहे पूर्व खिलाड़ी की हुई हत्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की बारीकी से जांच कर अंधे कत्ल की गुत्थी जल्द सुलझाने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
सुखविन्द्र सिंह शेरगिल ने कहा कि रात को सो रहे व्यक्ति की हत्या हो जाना अपने आप में गंभीर घटना है और इसने इलाके के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, लेकिन सिर्फ जांच शुरू कर देना ही काफी नहीं, बल्कि लोगों को जांच के नतीजे भी नजर आने चाहिए। फगवाड़ा इलाके में पिछले कुछ समय से कभी गोली चलने, कभी लूट-खसोट और कभी हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ज्यादातर मामलों में लोगों को लंबे समय तक इंसाफ का इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाएं होने के बाद कार्रवाई करना अपनी जगह है, लेकिन पुलिस की असल कामयाबी तो तभी मानी जाएगी, जब अपराधियों में कानून का डर और आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा हो।
शेरगिल ने कहा कि बड़े अफसोस की बात है फगवाड़ा में काफी समय से कानून-व्यवस्था बड़ा मुद्दा रहा है। कई मामलों में पुलिस सिर्फ घटनाओं के बाद जांच तक सीमित नजर आती है, जबकि अपराधों को रोकने के लिए प्रभावशाली रणनीति बनाने की जरूरत है।
बसपा नेता ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग कर कहा कि मौली में हुए हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझाई जाए और इस मामले सहित पूर्व में घटित हुई अनसुलझी आपराधिक घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जाए।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
