कहा: दूसरी बार गुरुद्वारा साहिब के बाहर हमला दुर्भाग्यपूर्ण घटना
शिरोमणि अकाली दल फगवाड़ा (शहरी) के हलका इंचार्ज स. रणजीत सिंह खुराना (प्रदेश कोर कमेटी सदस्य, इंडस्ट्री एवं व्यापार विंग पंजाब) ने स. सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में हुए हमले को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि स. सुखबीर सिंह बादल पंजाब की आवाज हैं और उन पर दूसरी बार गुरुद्वारा साहिब के बाहर हमला करके आखिर कौन पंजाब की आवाज को बंद करने और प्रदेश की शांति भंग करने की साजिश रच रहा है, इसका पर्दाफाश होना चाहिए। इससे पहले श्री दरबार साहिब अमृतसर के बाहर भी स. बादल पर इसी तरह जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया था।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि जून 1984 में श्री दरबार साहिब को ढहाने और हजारों लोगों को शहीद करने तथा नवंबर 1984 में सिख नरसंहार के लिए जिम्मेदार गांधी परिवार के लोग अनेक बार श्री दरबार साहिब आए, लेकिन उन पर कभी किसी ने हमला करने का प्रयास नहीं किया, क्योंकि गुरु घरों के बाहर इस तरह की घटनाएं सिखी सिद्धांतों के विपरीत हैं।
उन्होंने कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब जैसे पवित्र गुरुधाम में किसी व्यक्ति द्वारा हिंसक कार्रवाई करने का प्रयास करना बेहद निंदनीय है। राजनीतिक या वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी भी मतभेद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। स. खुराना ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से अपने विचार लोगों के सामने रखता आया है। ऐसी घटनाएं न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि पवित्र धार्मिक स्थलों की मर्यादा को भी भंग करती हैं।
उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और और देश की खूफीया एजेंसियों से मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करवाकर पूरी सच्चाई लोगों के सामने लाई जाए तथा दोषियों और साजिश रचने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। स. रणजीत सिंह खुराना ने कहा कि सिख पंथ की महान परंपराएं संयम, शांति और ‘सरबत के भले’ का संदेश देती हैं।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
