फगवाड़ा: लोक भलाई योजनाओं का असली लाभ पंजाब के लोगों तक पहुंचाना है तो राज्य में भी भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाना होगा। इन विचारों का प्रकटावा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मेयर अरुण खोसला ने बातचीत के दौरान किया। अरुण खोसला ने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारों की ओर से किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लोक भलाई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में किसानों को करीब दो दर्जन फसलों पर सब्सिडी दी जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने अपने पहले ही वर्ष में वादे के मुताबिक महिलाओं के लिए मान-भत्ता शुरू कर दिया है, जबकि पंजाब सरकार की ओर से महिलाओं को मान-भत्ता देने के वायदे को साढ़े चार साल तक लटकाया गया। अब जितनी राशि महिलाओं के खातों में डाली गई है, उससे भी अधिक पैसा सरकार की ओर से प्रचार पर खर्च किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने लोक भलाई की बजाय अपनी विज्ञापनबाजी को प्राथमिकता दी है, जिससे पंजाब को और कर्ज के बोझ तले धकेला जा रहा है। पूर्व मेयर ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्य, जिसे कभी पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, में आज बुनियादी ढांचे और विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बिहार भी तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, जबकि मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में भी विकास की गतिविधियां तेज होनी शुरू हो गई हैं। दूसरी ओर पंजाब की स्थिति यह है कि पुलिस विभाग को छोडक़र सरकारी कर्मचारियों का लगभग हर वर्ग अपने वेतन, भत्तों, पक्की नौकरियों और अन्य मांगों को लेकर सडक़ों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर है।
उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी सरकारी व्यवस्था को चलाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, यदि उन्हें भी अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलन करना पड़े तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है। भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब कभी देश का खुशहाल और विकसित राज्य माना जाता था, लेकिन आज बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी, इंडस्ट्री एवं व्यापारिक समस्याओं तथा आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। पंजाब को दोबारा विकास की राह पर लाने के लिए ऐसी सरकार की जरूरत है, जो राजनीतिक प्रचार की बजाय कृषि, उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दे।
अरुण खोसला ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से देशभर में चलाई जा रही विभिन्न लोक भलाई योजनाओं का पूरा लाभ पंजाब के लोगों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है। पंजाब के लोग अब केवल घोषणाओं और झूठे वायदों की राजनीति की बजाय विकास, रोजगार, जवाबदेही और लोक भलाई को प्राथमिकता देने वाली सरकार की जरूरत महसूस कर रहे हैं और ऐसा शासन भाजपा ने अपनी सत्ता वाले प्रत्येक राज्य में दिया है।
उन्होंने कर्मचारी वर्ग से भी आह्वान करते हुए कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा का साथ दें, ताकि उन्हें अपने हकों के लिए सडक़ों पर संघर्ष न करना पड़े और पंजाब में ऐसी सरकार स्थापित हो सके जो कर्मचारियों सहित प्रत्येक वर्ग के हितों की रक्षा करे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.