राहुल गांधी को अन्याय के विरुद्ध बोलने की दी जा रही सजा : विधायक बलविन्द्र सिंह धालीवाल
कहा: सामाजिक न्याय, संवैधानिक समानता के लिए संघर्ष करती रहेगी कांग्रेस
उत्तराखंड पुलिस द्वारा भाजपा सरकार के इशारे पर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफ.आई.आर. के विरोध में आज कांग्रेस हाईकमान के आह्वान पर फगवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रधान एवं स्थानीय विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटा. आई.ए.एस.) के नेतृत्व में डा. अंबेडकर पार्क, गुरु हरगोबिंद नगर में रोष धरना दिया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च भी किया और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफ.आई.आर. का कड़ा विरोध करते हुए ‘शुद्धिकरण’ के आरोपी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की।
विधायक धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के दिशा-निर्देशों के तहत आज देशभर में ये रोष मार्च सामाजिक न्याय, संवैधानिक समानता और प्रत्येक नागरिक की गरिमा की रक्षा के लिए किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कुछ दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की रैली वाली जगह पर भाजपा-आर.एस.एस. से संबंधित कार्यकर्ताओं द्वारा कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम करवाकर संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समानता पर गंभीर सवाल खड़े किए गए थे। राहुल गांधी ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की थी। लेकिन भाजपा शासित राज्य की सरकार ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उत्तराखंड पुलिस के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ ही एफ.आई.आर. दर्ज कर दी।
विधायक धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के रूप में देखती है। भाजपा की ओर से जातिवादी व्यवहार का बचाव करना और उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले विपक्ष के नेता के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाना बेहद निंदनीय है। जिला कांग्रेस प्रधान ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह के सामाजिक अन्याय, जाति आधारित भेदभाव और संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगी। संविधान की ओर से प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने का अधिकार दिया गया है और इन अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड में कथित तौर पर इस घटना के लिए जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए तथा दर्ज की गई एफ.आई.आर. के मामले में निष्पक्ष जांच की जाए। कांग्रेस पार्टी किसी भी सरकारी दबाव या राजनीतिक बदले की भावना से डरने वाली नहीं है और संवैधानिक समानता, सामाजिक न्याय तथा प्रत्येक नागरिक की गरिमा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। रोष धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार तथा उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष प्रकट किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस फगवाड़ा शहरी, देहाती, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस के अलावा एस.सी. विंग तथा ओ.बी.सी. विंग के पार्टी कार्यकर्ता एवं नेता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.