फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा के ब्लड बैंक में अत्याधुनिक डेंटल हेल्थ केयर बस का स्वागत एवं शिविर का उद्घाटन करते डॉ. राजकुमार चब्बेवाल, साथ में सतपाल सेठी व अन्य।

फगवाड़ा, 1 सितंबर। उद्योगपति के.के. सरदाना के संरक्षण में गुरु हरगोबिंद नगर स्थित ब्लड बैंक में माता ठाकुर देवी एवं नानक चंद सेठी की स्मृति को समर्पित दांतों एवं जबड़ों का 483वां नि:शुल्क शिविर आयोजित किया गया। शिविर ब्लड बैंक के अध्यक्ष मलकीयत सिंह रघबोत्रा की देखरेख में लगाया गया।

शिविर का उद्घाटन आम आदमी पार्टी के सांसद एवं फगवाड़ा विधानसभा हलका प्रभारी डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर मेयर रामपाल उप्पल और पार्षद पदम देव सुधीर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पूर्व रोटरी गवर्नर सतपाल सेठी ने किया।

इस दौरान सीएमसी लुधियाना से पहली बार ब्लड बैंक पहुंची अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डेंटल हेल्थ केयर बस का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद सीएमसी डेंटल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. निर्मल कुरियन, डेंटल विभाग के प्रमुख डॉ. विवेक गुप्ता, कैंप इंचार्ज डॉ. तमनप्रीत सिंह तथा दंत विशेषज्ञ डॉ. भाविका के नेतृत्व में 25 सदस्यीय मोबाइल टीम ने मरीजों की जांच की और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध करवाया।

शिविर के दौरान 10 जरूरतमंद बुजुर्गों को तैयार नए जबड़े वितरित किए गए, जबकि करीब 130 मरीजों की जांच की गई। जांच के आधार पर नए जबड़े तैयार करने की अगली प्रक्रिया भी पूरी की गई।

ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रघबोत्रा ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल डेंटल बस में खराब दांत निकालने, दांतों की भराई, दांतों की सफाई और एक्स-रे सहित विभिन्न आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को दांतों एवं जबड़ों से संबंधित बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने में यह मोबाइल सेवा विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस श्रृंखला के तहत अगला नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर 15 सितंबर, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर हरबंस लाल, गुरमीत सिंह पलाही, गुलशन कपूर, कृष्ण कुमार, गुलाब सिंह ठाकुर, एन.एस. सैनी, मोहन लाल तनेजा, सुधा बेदी, रूप लाल रमन मेहरा, अमरजीत डांग, तारा चुम्बर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *