फगवाड़ा। रोटरी क्लब फगवाड़ा जेम्स के वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन सुनील चम (पूर्व चेयरमैन, नगर सुधार ट्रस्ट फगवाड़ा) तथा मानद सचिव रोटेरियन सी.ए. रविंदर गुलाटी का ताजपोशी समारोह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनिल सिंगल (2026-27) के दिशा-निर्देशों के तहत होटल मैरिटन, जालंधर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इंस्टालेशन सेरेमनी एवं अवार्ड नाइट के दौरान रोटरी परिवार के सदस्यों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों तथा अन्य प्रमुख हस्तियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह में होटल मैरिटन के प्रबंध निदेशक डा. परमजीत सिंह मरवाहा ने मुख्य अतिथि (गेस्ट ऑफ ऑनर) के रूप में उपस्थिति दर्ज करवाई जबकि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डा. एस.पी.एस. ग्रोवर एवं रोटेरियन एस.पी. सेठी (पी.डी.जी.) ने इंस्टालिंग ऑफिसर के रूप में नई टीम को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। इस दौरान वर्ष 2025-26 की टीम के अध्यक्ष सी.ए. राकेश चावला तथा मानद सचिव राकेश सूद सहित पूरी टीम को वर्षभर किए गए उत्कृष्ट सेवा कार्यों एवं उपलब्धियों के लिए विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान गत कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की भी सराहना की गई। इंस्टालेशन एवं अवार्ड नाइट के मुख्य प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोटेरियन आई.पी. खुराना तथा प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन गौरव सहदेव ने बताया कि समारोह का उद्देश्य नई टीम का स्वागत करने के साथ-साथ समाज सेवा के प्रति रोटरी के संकल्प को और मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब फगवाड़ा जेम्स ने सदैव स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, पौधारोपण तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे जनकल्याणकारी प्रकल्पों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह सेवा यात्रा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। गेस्ट ऑफ ऑनर डा. परमजीत सिंह मरवाहा ने नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील चम तथा मानद सचिव सी.ए. रविंदर गुलाटी को बधाई देते हुए कहा कि रोटरी एक ऐसा वैश्विक संगठन है, जो नि:स्वार्थ सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम भी जनकल्याण के नए मानदंड स्थापित करेगी और क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन सुनील चम ने सभी अतिथियों, डिस्ट्रिक्ट लीडरशिप तथा क्लब के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वह अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर रोटरी के आदर्श ‘सर्विस अबव सेल्फ’ को साकार करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण, महिला कल्याण तथा समाज सेवा से जुड़े नए प्रकल्प शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगा तथा जरूरतमंद लोगों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह के दौरान रोटरी परिवार के सदस्यों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पी.डी.जी. रोटेरियन एस.पी. सेठी, पी.पी. रोटेरियन मोहिंदर सेठी, पी.पी. रोटेरियन विजय सोंधी, पी.पी. रोटेरियन निखिल गुप्ता, पी.पी. रोटेरियन बाल कृष्ण वधवा, पी.पी. रोटेरियन चिमन अरोड़ा, पी.पी. रोटेरियन आई.पी. खुराना, जोनल चेयरमैन रोटेरियन पवन कालड़ा, पी.पी. रोटेरियन सतीश जैन के अलावा पार्षद तरनजीत सिंह बंटी वालिया, आप नेता गुरदीप सिंह दीपा, ओम प्रकाश बिट्टू, समाज सेवक जतिन्द्र वर्मा (बोबी), दीपक खोसला, तेजिंदर बावा तथा सिनेमा रोड मार्केट एसोसिएशन से बलवीर सिंह, रघबीर सिंह, नवीन पासी, अमनदीप सिंह, जसकीरत सिंह, विशाल कुमार, अमित कुमार, हरमीत सिंह सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.