फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

चंडीगढ़, (डी-न्यूज़ वाच)। पंजाब की प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में रजत पदक (सिल्वर मेडल) डाला है। नाभा के मेहास गांव के एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली हरजिंदर ने मंगलवार को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित महिलाओं के 69 किलोग्राम भारवर्ग की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल की। 
हरजिंदर कौर ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता से पूरे पंजाब में खुशी की लहर दौड़ गई है।
साधारण किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने वाली हरजिंदर की सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
हरजिंदर की इस उपलब्धि पर पंजाब के खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत से प्रदेश में वेटलिफ्टिंग और अन्य खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ेगा। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लगातार शुभकामनाएं दी जा रही हैं। बता दें कि 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने काँसे का पदक भारत की झोली में डाला था।
हरजिंदर कौर का यह सिल्वर मेडल भारत के पदक तालिका अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुकाबले से कुछ घंटे पहले, 29 साल की हरजिंदर ने अपने घर फोन पर बात करते हुए कहा था कि वह फिट है और उसे गोल्ड या सिल्वर मेडल जीतने का पक्का यकीन है। अंततः उसका भरोसा सही साबित हुआ
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पंजाब की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का नाम रोशन करने में किसी से पीछे नहीं हैं।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *