मजदूरों के बकाया और 500 परिवारों को बिजली-पानी से वंचित किए जाने की ओर दिलाया सरकार का ध्यान
फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटा. आई.ए.एस.) ने पंजाब विधानसभा में फगवाड़ा की बंद पड़ी जेसीटी मिल का गंभीर मुद्दा जोरदार ढंग से उठाते हुए मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
विधायक धालीवाल ने सदन को बताया कि जेसीटी मिल करीब दो वर्षों से बंद पड़ी है। मिल की कॉलोनी में इस समय भी लगभग 500 मजदूर परिवार रह रहे हैं, जिन्हें पिछले करीब 11 महीनों का वेतन, ग्रेच्युटी, ओवरटाइम तथा अन्य बकाया राशि अब तक नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की यह कुल बकाया राशि लगभग 50 करोड़ रुपये बनती है। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि अब मिल प्रबंधन की ओर से कॉलोनी खाली करने के नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा करीब एक वर्ष से कॉलोनी की बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है, जिसके कारण सैकड़ों परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं।
धालीवाल ने कहा कि किसी भी रिहायशी कॉलोनी को बुनियादी सुविधाओं से वंचित करना कानूनी प्रावधानों और मानवीय अधिकारों की भावना के विपरीत है। उन्होंने सरकार से मांग कर कहा कि संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करे कि मजदूरों को उनकी पूरी और अंतिम अदायगी होने तक न तो कॉलोनी से बेदखल किया जाए और न ही उनकी बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होने दी जाएं।

विधायक धालीवाल ने सदन में मुद्दा उठाने के पश्चात बातचीत में कहा कि जेसीटी मिल के मजदूरों का मामला केवल वेतन का नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी और सम्मान से जुड़ा हुआ है। इसलिए सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही जेसीटी इंटक यूनियन और समस्त मजदूरों ने विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल द्वारा विधानसभा में जेसीटी मिल का मुद्दा उठाए जाने के प्रयास का भरपूर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जेसीटी के मजदूरों की समस्याओं को सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मजदूरों ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी के प्रयासों से उन्हें उनका बनता अधिकार शीघ्र प्राप्त होगा।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
