फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में एडीसी रणदीप सिंह हीर को स्थानीय मांगों का ज्ञापन सौंपते सफाई कर्मचारी।

एडीसी रणदीप सिंह हीर को स्थानीय मांगों का ज्ञापन सौंपने के बाद यूनियन ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की, शहर में युद्धस्तर पर शुरू हुआ कूड़ा उठाने का कार्य

फगवाड़ा। नगर निगम फगवाड़ा के सफाई कर्मचारियों की 24 जुलाई से जारी हड़ताल मंगलवार को 12वें दिन समाप्त हो गई। हड़ताली कर्मचारियों के बीच पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) रणदीप सिंह हीर ने उन्हें बताया कि पंजाब सरकार ने उनकी जायज मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके कुछ देर बाद नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन ने स्थानीय प्रशासन से संबंधित मांगों का ज्ञापन एडीसी को सौंपते हुए हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी।

हड़ताल खत्म होने की खबर फैलते ही शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली। पिछले 12 दिनों से शहर के विभिन्न डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे और शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। सोमवार और मंगलवार सुबह हुई बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया था। डंपों पर जमा कूड़ा सड़कों तक फैलने लगा था, जिससे पूरे शहर में दुर्गंध का वातावरण बन गया था।

कूड़े के ढेरों के आसपास रहने वाले लोगों के अलावा राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और सभी हड़ताल समाप्त होने का इंतजार कर रहे थे। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों और रिहायशी कॉलोनियों में फैली गंदगी के कारण लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी भारी नाराजगी देखी जा रही थी।

कूड़े के ढेरों और जगह-जगह जमा बारिश के पानी के कारण मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी गहरा गई थी। हालांकि सोमवार शाम एसडीएम डॉ. नवजोत शर्मा ने भरोसा दिलाया था कि वह नगर निगम अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

वरिंदर पार्क के निकट स्थित डंपिंग प्वाइंट से जेसीबी मशीन के माध्यम से कूड़ा उठाते कर्मचारी।

समाचार लिखे जाने तक शहर के विभिन्न डंपिंग स्थलों से युद्धस्तर पर कूड़ा उठाने का कार्य शुरू हो चुका था। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से सफाई अभियान तेज कर दिया गया है, जिससे शहर में गंदगी की स्थिति में तेजी से सुधार आने लगा है।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *