कहा- आस्था से जुड़े मामलों को टालना उचित नहीं
फगवाड़ा, (डी-न्यूज वाच) सेवामुक्त आईएएस अधिकारी और कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बंद किए गए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बिना किसी अनावश्यक देरी के दोबारा खोला जाए, ताकि देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, करतारपुर के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े फैसलों को सुरक्षा के नाम पर अनिश्चितकाल तक टालना उचित नहीं है। केंद्र सरकार से अपील की है कि कॉरिडोर न खोले जाने के फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए। भाजपा को नानक नाम लेवा संगत की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। धालीवाल ने कहा कि 7 मई 2025 से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भाजपा की केंद्र सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर बंद रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके साथ-साथ श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है। केंद्र सरकार को सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करते हुए जल्द से जल्द कॉरिडोर खोलना चाहिए, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से गुरु घर के दर्शन कर सकें। करतारपुर साहिब कॉरिडोर केवल भारत और पाकिस्तान के बीच आवाजाही का मार्ग नहीं है, बल्कि यह करोड़ों सिख श्रद्धालुओं की आस्था, इतिहास और श्री गुरु नानक देव जी की पावन विरासत से जुड़ा एक पवित्र धार्मिक सेतु है। उन्होंने कहा कि जब भी करतारपुर साहिब कॉरिडोर बंद रहता है तो हजारों श्रद्धालु श्री गुरु नानक देव जी की पावन कर्मभूमि पर माथा टेकने से वंचित रह जाते हैं। यह केवल यात्रा का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ मामला है। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। केंद्र सरकार से अपील की कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को शीघ्र खोला जाए।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
