बेअदबी मामलों में इंसाफ न मिलना मान सरकार की विफलता: बलविंदर धालीवाल
चंडीगढ़। कांग्रेस पार्टी ने आज बेअदबी मामलों में भगवंत मान सरकार पर इंसाफ न मिलने का आरोप लगाते हुए विधानसभा के पास जोरदार प्रदर्शन किया।
मानसून सैशन के दौरान बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे सेवामुक्त आईएएस अधिकारी व फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल, प्रताप सिंह बाजवा और अन्यो ने कहा कि बेअदबी मामलों में दोषियों को सजा दिलाने में आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बेअदबी मामलों में दोषियों को अब तक सजा न मिलना और पीड़ितों को न्याय से वंचित रखना आप सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। बहिबल कलां, कोटकपूरा और बरगाड़ी बेअदबी मामलों में पैरवी करने की बजाए सरकार ने सभी केसों को पंजाब से बाहर ट्रांसफर करवा दिया।
नेताओं ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले बेअदबी मामलों में जल्द न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो दोषियों को सजा मिली और न ही जनता के सामने जांच की स्पष्ट स्थिति रखी गई।
उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि बेअदबी मामलों की जांच की पूरी प्रगति विधानसभा में साझा की जाए, दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवारों को बिना किसी और देरी के न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार अपने चुनावी वायदों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। बेअदबी जैसे संवेदनशील मामलों में न्याय में हो रही देरी से लोगों का कानून व्यवस्था और सरकार दोनों पर भरोसा कमजोर हुआ है। धालीवाल ने कहा कि सरकार को विधानसभा के भीतर बेअदबी मामलों की जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट रूप से सदन और पंजाब की जनता के सामने रखनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिख विरोधी है। उनकी नीतियां और कार्यशैली सिख भावनाओं के अनुरूप दिखाई नहीं देतीं। बेअदबी के मामलों में लगातार हो रही देरी और सरकार की चुप्पी पंजाब के सामाजिक और धार्मिक माहौल के लिए चिंता का विषय है। किसी भी दोषी को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, यदि वह बेअदबी जैसे गंभीर अपराध में शामिल है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.