फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
खाटी धाम में आयोजित आंखों के मुफ्त जांच कैंप के दौरान लोगों की आंखों की जांच करते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम।

फगवाड़ा। भगवान परशुराम जी की पवित्र तपोभूमि खाटी धाम में ब्राह्मण मंडल की ओर से आंखों का पहला मुफ्त जांच कैंप आयोजित किया गया। ब्राह्मण मंडल के प्रधान ज्योति शर्मा की देखरेख में लगाए गए इस कैंप में अमित आई केयर, बंगा रोड के आंखों के माहिर डॉ. अमित शर्मा की अगुवाई में मेडिकल टीम ने जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच की। कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाई।

इस पहल की खास बात यह है कि इसे केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा गया है। ब्राह्मण मंडल के वरिष्ठ नेता हरिओम शर्मा ने बताया कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हर महीने के पहले रविवार को मुफ्त आंखों की जांच का कैंप लगाया जाएगा। यह कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा और इस दौरान मरीजों की आंखों की जांच बिल्कुल मुफ्त की जाएगी।

जानकारी देते हुए डा. अमित शर्मा के साथ ज्योति शर्मा, हरिओम शर्मा तथा ब्राह्मण मंडल के अन्य पदाधिकारी व सदस्य।

कैंप के दौरान आंखों के माहिर डॉ. अमित शर्मा ने उपस्थित लोगों को आंखों की संभाल संबंधी जरूरी जानकारी देते हुए कहा कि आंखें शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग हैं और आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के बढ़ते मोबाइल और स्क्रीन इस्तेमाल को लेकर अभिभावकों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य स्क्रीन वाले उपकरणों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल नहीं करने देना चाहिए। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

डॉ. अमित शर्मा ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को समय-समय पर स्क्रीन से ब्रेक दिया जाए और उनकी आंखों की नियमित जांच भी करवाई जाए। उनका कहना था कि यदि किसी व्यक्ति को आंखों में जलन, दर्द, धुंधला दिखाई देना अथवा किसी अन्य प्रकार की परेशानी महसूस हो तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

ऐसे कैंपों का उद्देश्य केवल जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच करना ही नहीं, बल्कि लोगों में आंखों की सेहत को लेकर जागरूकता पैदा करना भी है। खासकर उन लोगों के लिए नियमित जांच महत्वपूर्ण है, जो आंखों से संबंधित शुरुआती लक्षणों को सामान्य समस्या समझकर टाल देते हैं।

इस मौके पर डॉ. सावन शर्मा, वरिष्ठ नेता हरमेश पाठक, रिंपल कुमार सरपंच वजीदवाल, सोनिया शर्मा वजीदोवाल, कमल कौशल, बृज लाल परूथी, पंडित गिरजा शंकर समेत ब्राह्मण मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By दिग्विन्द्र राणा

D-News Watch स्थानीय, राष्ट्रीय और समसामयिक मुद्दों पर समाचार, विशेष रिपोर्ट और विश्लेषणात्मक लेख प्रस्तुत करता है। D-News Watch के माध्यम से फगवाड़ा और पंजाब से जुड़ी स्थानीय खबरों के साथ-साथ जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जाता है। — दिग्विन्द्र राणा, संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *