फगवाड़ा। बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट रोहित शर्मा ने कहा कि फगवाड़ा बार एसोसिएशन, पंजाब की सभी बार एसोसिएशनों के साथ एकजुटता रखते हुए 7 जुलाई 2026 से लगातार हड़ताल पर है, जो शनिवार को 12वें दिन भी जारी रही। उन्होंने कहा कि एल.ए.डी.सी. पॉलिसी फ्री लीगल एड की मूल भावना के विपरीत होने के साथ-साथ स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं के हितों को प्रभावित करती है। इसके दूरगामी परिणाम आम जनता के न्याय प्राप्त करने के अधिकार पर भी पड़ेंगे, इसलिए पंजाब भर के अधिवक्ता इस नीति का विरोध कर रहे हैं। एडवोकेट रोहित शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा के निर्देश पर चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति में न्यायमूर्ति विनोद भारद्वाज (अध्यक्ष), न्यायमूर्ति हरकेश मनुजा, न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत तथा न्यायमूर्ति हरप्रीत सिंह बराड़ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि समिति एवं उच्च स्तर पर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकला, तो पंजाब की सभी बार एसोसिएशनों के निर्देशानुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आगामी दिनों में हरियाणा की बार एसोसिएशन भी इस हड़ताल में शामिल होकर संघर्ष को व्यापक रूप देंगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.