फगवाड़ा। पूर्व आईएएस अधिकारी और विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने शराब कारोबारी शिव लाल डोडा के परिवार की सदस्य डॉ. सुहानी डोडा को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की तरफ से आम आदमी पार्टी में शामिल करवाने पर कटाक्ष किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर अपने ही सिद्धांतों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता की राजनीति ने पार्टी की कथनी और करनी का अंतर पूरी तरह उजागर कर दिया है। धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 18 दिसंबर 2018 में दलित युवक भीम टोंक हत्याकांड को लेकर बड़े-बड़े आंदोलन किए थे। पार्टी नेताओं ने कैंडल मार्च निकाले, प्रदर्शन किए और तत्कालीन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्वयं अबोहर पहुंचकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का दावा किया था। उस समय पार्टी के वरिष्ठ नेता हरजोत सिंह बैंस ने भी सार्वजनिक रूप से कहा था कि भीम टोंक को न्याय नहीं दिया जा रहा है। धालीवाल ने कहा कि आज वही आम आदमी पार्टी अपने पुराने रुख से पूरी तरह पलट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब कारोबारी शिव लाल डोडा के परिवार की सदस्य डॉ. सुहानी डोडा को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की तरफ से आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया गया है। यह वही परिवार है, जिसके फार्महाउस पर भीम टोंक की निर्मम हत्या हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने कभी भीम टोंक के लिए न्याय की मांग को अपना राजनीतिक मुद्दा बनाया था, आज वही पार्टी पीड़ित परिवार की भावनाओं की अनदेखी कर रही है। इससे स्पष्ट होता है कि सत्ता की राजनीति में आम आदमी पार्टी ने अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से समझौता कर लिया है। बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी भी अब उसी रास्ते पर चल रही है, जिस पर चलने का आरोप वह पहले अन्य दलों पर लगाती थी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा पर ‘वॉशिंग मशीन’ की राजनीति का आरोप लगाने वाली आप अब स्वयं ऐसी ‘फुली ऑटोमैटिक मशीन’ बन गई है, जिसमें शामिल होते ही सभी दाग धुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर ऐसे राजनीतिक दोहरे चरित्र का जवाब जरूर देगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.