कपूरथला जिला के अध्यक्ष पद से हटाने के पत्र पर किया पलटवार; बोलीं- पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाने वालों ने कभी पहले क्यों नहीं रोका?

फगवाड़ा (राममूर्ति लाली): जिला कपूरथला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं संगीता धीर को पद से हटाने और पार्टी से निष्कासित करने को लेकर अब मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है। पंजाब प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष बलजीत कौर की ओर से जारी पत्र में संगीता धीर के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर शिकायतों और रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाने तथा पार्टी से निष्कासित करने की बात कही गई है। हालांकि, निष्कासन का पत्र मीडिया में जारी होने से कुछ देर पूर्व ही संगीता धीर ने बृहस्पतिवार शाम को होशियारपुर में मुख्यमंत्री भगवंत मान और डा. राजकुमार चब्बेवाल सांसद लोकसभा हलका होशियारपुर की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
इस कार्रवाई के बाद संगीता धीर ने कांग्रेस नेतृत्व पर ही सवाल खड़े करते हुए कहा है कि उन्होंने अपने जीवन के करीब तीन दशक पार्टी को दिए हैं और पार्टी के लिए लगातार मेहनत की, लेकिन आज जिस तरीके से उनके साथ व्यवहार किया गया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है।
संगीता धीर ने कहा कि उन्होंने दुखी मन से कांग्रेस को त्यागा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने महिलाओं के सम्मान को भुला दिया है। उनके मुताबिक, पार्टी में मेहनत करने वाले और समर्पित कार्यकर्ताओं की बजाय कुछ नेताओं को खुश करने वाले लोगों को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
श्रीमति धीर ने कहा कि यदि उनके द्वारा कोई पार्टी विरोधी गतिविधि की जा रही थी तो वह लंबे समय से पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों में सार्वजनिक रूप से भाग लेती रही हैं तथा मीडिया के सामने जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर बयान भी देती रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि वह वास्तव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थीं तो इतने लंबे समय तक पार्टी नेतृत्व ने इस पर आपत्ति क्यों नहीं जताई?
संगीता धीर ने विशेष रूप से उस घटनाक्रम पर भी सवाल उठाया जिसमें अब उनका निष्कासन पत्र अचानक मीडिया में सामने आया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध पत्रों को देखने पर एक और सवाल खड़ा होता है। एक पत्र में तारीख 11 अगस्त 2025, जबकि दूसरी प्रति में 11 अगस्त 2026 दर्ज है, जबकि दोनों में संदर्भ संख्या 14/PPMC दिखाई देती है और लिखावट भी लगभग वही है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि एक ही संदर्भ संख्या वाले पत्र की अलग-अलग वर्ष वाली प्रतियां मीडिया में क्यों और किस उद्देश्य से जारी की जा रही हैं?


संगीता धीर ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को केवल एक राजनीतिक मंच के तौर पर नहीं, बल्कि अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर काम किया। उन्होंने कहा कि तीन दशक तक पार्टी के लिए काम करने के बाद इस तरह का व्यवहार उनके लिए बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व लंबे समय से उनके खिलाफ पीठ पीछे राजनीति करते रहे और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तक उनके बारे में गलत सूचनाएं पहुंचाते रहे। उन्होंने कहा कि इन्हीं नीतियों की वजह से कांग्रेस पार्टी पंजाब ही नहीं बल्कि देश भर में धरातल में समाने की कागार पर पहुंच चुकी है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
