भाजपा की केंद्रीय लीडरशिप के साथ पंजाब विधानसभा चुनावों संबंधी भी हुई चर्चा
नई दिल्ली/फगवाड़ा : फगवाड़ा के पूर्व मेयर अरुण खोसला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश के साथ दिल्ली में भाजपा के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेतली की पुन्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। इस दौरान उन्होंने स्व. जेतली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके पारिवारिक सदस्यों से भेंट की।
अरुण खोसला ने बताया कि अरुण जेतली उनके राजनीतिक गुरु रहे हैं, जिन्होंने उन्हें राजनीति की बारीकियां समझने और राजनीतिक जीवन में आगे बढऩे की दिशा दी। उन्होंने कहा कि जेतली जी का व्यक्तित्व, उनकी दूरदर्शी सोच, संवैधानिक मामलों की गहरी समझ और विरोधी विचारों का भी सम्मान करने वाली राजनीतिक शैली हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी।
अरुण खोसला ने कहा कि अरुण जेतली सिर्फ एक राजनेता ही नहीं थे, बल्कि वे एक उच्च कोटि के कानूनविद्, प्रभावशाली वक्ता और संगठन को मजबूत करने वाले रणनीतिकार भी थे। भारतीय राजनीति में जेतली जी द्वारा निभाई गई भूमिका और देश के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाता रहेगा।
इस दौरान अरुण खोसला और सोम प्रकाश ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद बांसुरी स्वराज सहित अन्य भाजपा नेताओं से भी मुलाकात की। जिसमें पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, प्रदेश में भाजपा की स्थिति और आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा लीडरशिप के साथ मुलाकात के दौरान पंजाब में तेजी से बदल रहे राजनीतिक समीकरणों, विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने पंजाब में पार्टी के संगठन को और मजबूत करने, जमीनी स्तर पर लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने और प्रदेश के राजनीतिक माहौल को नजदीक से समझने की जरूरत पर विचार साझा किए।
अरुण खोसला ने कहा कि पंजाब की राजनीति इस समय एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति के लिए अहम होंगे। भाजपा द्वारा पंजाब के लोगों से जुड़े मुद्दों को समझते हुए एक मजबूत और प्रभावशाली राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत किया जाएगा।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.