4 स्वर्ण और 4 रजत पदक जीतकर चमकाया फगवाड़ा का नाम
फगवाड़ा : पंजाब कुन खमेर एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम पंजाब कुन खमेर स्टेट चैंपियनशिप एवं नेशनल ट्रायल में आर्यन फाइटर्स एरीना के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण और 4 रजत पदक जीतकर संस्था का नाम रोशन किया।
कोच अतुल आर्यन के अनुसार यह चैंपियनशिप आज रविवार को ग्लैमटोन प्लाजा, ओमैक्स पखोवाल रोड, लुधियाना में आयोजित की गई, जिसमें कैडेट, जूनियर, सीनियर और एलीट वर्गों के बच्चों, महिला एवं पुरुष खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
आर्यन फाइटर्स एरीना के खिलाडिय़ों में से जायना कौर और दीपिका ने अंडर-15, लोविश ने अंडर-14 तथा आकाश भुट्टा ने अंडर-15 मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इसी तरह दशमीत सिंह ने अंडर-17, सीरत कौर ने अंडर-10, विश्वजीत ने अंडर-13, जबकि एकमजोत सिंह ने अंडर-8 वर्ग में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते।
खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कोच अतुल आर्यन ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और खेल भावना किसी भी जीत में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके लिए सभी विजेता खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। उन्होंने चैंपियनशिप के आयोजकों गौतम कुमार प्रधान तथा पांडव राय, महासचिव, कपूरथला द्वारा किए गए सुचारू प्रबंधों के लिए उनका आभार जताया। खेल प्रेमियों ने आर्यन फाइटर्स एरीना के खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन पर खिलाडिय़ों एवं कोच अतुल आर्यन को शुभकामनाएं दीं हैं।
सभी विजेता खिलाडिय़ों ने कहा कि यह जीत उन्हें भविष्य में होने वाले बड़े मुकाबलों के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
