नीट समेत अन्य पेपर लीक मामलों के विरोध में कांग्रेस ने विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल के नेतृत्व में किया जोरदार रोष प्रदर्शन

केंद्र और पंजाब की सरकारें युवाओं को न्याय देने में विफल : धालीवाल

कहा : विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद होना चाहिये

फगवाड़ा में रोष प्रदर्शन के दौरान विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल एवं अन्य

पंजाब कांग्रेस के आह्वान पर आज जिला कपूरथला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं हलका फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (सेवानिवृत्त आई.ए.एस.) के नेतृत्व में नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ फगवाड़ा में जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान समस्त कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक स्थानीय गुरु हरगोबिंद नगर स्थित डा. अंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र एवं पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान संबोधित करते हुए विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के शासनकाल में जहां बार-बार नीट पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं पंजाब की भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में अब तक कई राज्य स्तरीय परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा से पहले 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय तथा पी.एस.टी.ई.टी. के प्रश्नपत्र भी लीक हुए, जिससे भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रुप-बी पेपर लीक मामले को छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस जांच नहीं हुई है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। धालीवाल ने कहा कि नीट समेत लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश और पंजाब के लाखों युवाओं का परीक्षा प्रणाली से विश्वास हिला दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि केंद्र की मोदी सरकार और पंजाब की भगवंत मान सरकार युवाओं को इंसाफ दिलाने में पूरी तरह असफल साबित हुई हैं। कांग्रेस विधायक ने दोनों सरकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ तुरंत बंद किया जाए तथा पेपर लीक मामलों के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास पुन: बहाल हो सके। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस फगवाड़ा शहरी एवं देहाती के समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ता, समर्थक, एस.सी. विंग, महिला विंग, ओ.बी.सी. विंग तथा यूथ कांग्रेस के नेता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top