विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे आचरण और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए किया प्रेरित
फगवाड़ा। जी.आर.डी. को-एजुकेशन कॉलेज, होशियारपुर रोड फगवाड़ा में नए दाखिल हुए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आज इंडक्शन कार्यक्रम करवाया गया। जिसकी शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती की वंदना के साथ की गई। इसके उपरांत समारोह की संचालक मिस मीनाक्षी, असिस्टेंट प्रोफेसर फैशन डिजाइनिंग विभाग और मिसिज जसविंदर कौर, असिस्टेंट प्रोफेसर पंजाबी विभाग ने कॉलेज के समूह अध्यापकों को अपना परिचय करवाने के लिए आमंत्रित किया। अध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने विषयों, कक्षाओं, क्लास इंचार्ज की जिम्मेदारियों तथा उनकी निगरानी में चल रहे कॉलेज के विभिन्न क्लबों और सोसायटियों के बारे में जानकारी दी।- इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे कॉलेज ट्रस्ट के चेयरमैन यू.सी. सरोआ ने नए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अच्छा आचरण बनाए रखने, शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और आज का काम कल पर न छोडऩे के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि अकादमिक या निजी मार्गदर्शन की आवश्यकता महसूस होने पर विद्यार्थी बेझिझक अपने अध्यापकों से संपर्क कर सकते हैं।
- कालेज ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन तारा चंद चुंबर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे खुशकिस्मत हैं कि उन्हें जी.आर.डी. को-एजुकेशन कॉलेज का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉलेज की सुविधाओं और अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
- ट्रस्ट के वित्त सचिव बख्शीश सिंह बागला ने विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने, शिक्षण संस्थान का नाम रोशन करने और खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कोऑर्डिनेटर टी.आर. बसरा ने कॉलेज, घर और समाज में अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने पाठों की नियमित रूप से दोहराई करने, समाचार पत्र और सामान्य ज्ञान की किताबें पढऩे की सीख दी।
- कॉलेज के डायरेक्टर एजुकेशन डा. नीलम सेठी ने व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक सोच के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने ‘3 सी’—करिज (हिम्मत), कम्युनिकेशन (संचार) और कंसिस्टेंसी (निरंतरता)—के महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को नकारात्मकता, गपशप और सफलता के लिए शॉर्टकट अपनाने से बचने तथा शारीरिक एवं मानसिक तंदुरुस्ती बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
- विद्यार्थियों को आशीर्वाद के तौर पर मिठाई, पेन और शुभकामना कार्ड भी भेंट किए गए। समारोह के अंत में प्रिंसिपल गुरजीत कौर ने ट्रस्टी सदस्यों, अध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों के लिए यह इंडक्शन समारोह बेहद जानकारीपूर्ण, प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक साबित हुआ।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
